अंतर्राष्ट्रीय
23-Oct-2024
...


काठमांडू (ईएमएस)। नेपाल की जेलों में सबसे अधिक भारतीय नागरिकों की मौजूदगी चौंकाने वाली है। नेपाल, भारतीय कैदियों की संख्या के मामले में दुनिया के अन्य देशों से शीर्ष पर है। हाल के आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में 1,222 से अधिक भारतीय कैदी हैं, इसमें करीब 300 महिलाएं शामिल हैं। अधिकांश भारतीय कैदी नशीली दवाओं की तस्करी, हत्या, डकैती और सीमा शुल्क से जुड़े अपराधों के लिए दोषी हैं। बात दें कि नेपाल की कानूनी व्यवस्था विदेशी नागरिकों के लिए सख्त है, और यहां जमानत मिलना कठिन होता है। इसकारण ज्यादात्तर आरोपी कैदी लंबे समय तक जेलों में रहते हैं, चाहे उनके मामले का फैसला हो या न हो। भारतीय कैदियों की गिरफ्तारी के पीछे कई कारण होते हैं। हाल के वर्षों में मादक पदार्थों की तस्करी, सीमा शुल्क चोरी, नकली मुद्रा लेनदेन, और मानव तस्करी जैसे अपराधों के मामले में कई भारतीयों को पकड़ा गया है। 2021-22 में 31 भारतीयों को नेपाल में गिरफ्तार किया गया था, और चालू वित्तीय वर्ष में भी इसी तरह के मामलों में 27 भारतीय नागरिक जेल में हैं। इस स्थिति को सुधारने के लिए भारतीय सरकार भी नेपाल के साथ संपर्क में है, लेकिन नेपाल की सख्त कानूनी व्यवस्था और विदेशी कैदियों को जमानत देने में हिचकिचाहट के कारण स्थिति जटिल बनी हुई है। आशीष दुबे / 23 अक्टूबर 2024