राष्ट्रीय
23-Oct-2024
...


बीजेपी नेता बबीता फोगाट ने साक्षी मलिक के आरोपों को बताया बेबुनियाद नई दिल्ली,(ईएमएस)। हरियाणा चुनाव के बाद महिला पहलवान के बीच नूराकुश्ती चल रही है। रेसलर साक्षी मलिक के आरोपों पर बीजेपी नेता बबीता फोगाट ने जवाब दिया है। बबीता ने कहा कि साक्षी बेबुनियाद आरोप लगा रही है। कल वह यह भी कह सकती हैं कि बबीता ने ही यौन उत्पीड़न किया है। वह बार-बार बेबुनियाद आरोप लगा रही हैं। इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में बबीता फोगाट ने तंज कसते हुए लिखा-किसी को विधानसभा मिला किसी को मिला पद। दीदी तुमको कुछ न मिला हम समझ सकते है तुम्हारा दर्द। किताब बेचने के चक्कर में अपना ईमान बेच गई। साक्षी मलिक ने आरोप लगाया था कि बबीता फोगाट के उकसाने पर ही पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया गया था। वह पर्दे के पीछे से आंदोलन को सपोर्ट कर रही थीं। साक्षी ने कहा था कि बबीता ने ही दिल्ली में प्रदर्शन की अनुमति दिलाई थी। वह इसके जरिये कुश्ती महासंघ की अध्यक्ष बनना चाहती थी। बबीता ने पलटवार करते हुए कहा कि साक्षी मलिक यह भी कह सकती हैं कि गंगा में मेडल फेंकने की योजना बबीता की थी। साक्षी को बताना चाहिए कि प्रियंका गांधी ने वहां किसके लिए खाना भेजा? उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उन्हें विरोध प्रदर्शन करने की इजाजत किसने दी? पहलवानों के विरोध प्रदर्शन में दीपेंद्र हुड्डा क्या कर रहे थे? उन्हें अपनी किताब रिलीज करने के लिए भी बबीता के नाम की जरूरत थी। मुझे लगता है कि उन्हें मेरा नाम पसंद है। मेरे पास कोई पोस्ट नहीं है। मैंने वे सभी पोस्ट छोड़ दी हैं, जिनके बारे में वह बात कर रही हैं। इस बीच बबीता फोगाट की बहन गीता फोगाट ने भी साक्षी मलिक की आलोचना की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा- कई खिलाड़ी बबीता के नाम पर अपने एजेंडे, अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश करते रहते हैं। मैं उनको कहना चाहती हूं, बबीता ने कुश्ती में या राजनीति जो भी मुकाम हासिल किया है, वह अपनी मेहनत और ईमानदारी से। जहां पर कोई किसी तरह का पद मायने नहीं रखता। रही बात अध्यक्ष बनने की तो सब जानते हैं कि अध्यक्ष बनने का लालच किसके अंदर था। सत्य को परेशान किया जा सकता है, पराजित नहीं। सिराज/ईएमएस 23अक्टूबर24