अंतर्राष्ट्रीय
22-Oct-2024


रियाद (ईएमएस)। शादी के लिए युवाओं में खूबसूरत लोकेशन के साथ अजब-अनोखी तरीके तेजी से प्रचलित हो रहे हैं। सऊदी अरब के अबू अल ओला और यास्मीन दफ्तरदार ने निकाह के लिए लाल सागर को चुना। गोताखोरी का शौकीन इस कपल ने समुद्री की खूबसूरती को दर्शाने के साथ ही इसके इकोसिस्टम को बचाने का संदेश दिया। जेद्दा के तट पर कोरल रीफ और समुद्री प्रजातियों के बीच युगल ने निकाह किया। भारत में 2021 में पहली अंडरवाटर शादी हुई थी। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में आइटी इंजीनियर वी. चिन्नादुरई और एस. श्वेता ने समुद्र में करीब 60 फीट नीचे जाकर सात फेरे लिए थे। उन्होंने जल प्रदूषण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए शादी का यह तरीका चुना। अबू अल ओला और दफ्तरदार खुद गोताखोर हैं, इसलिए उनके गोताखोर साथियों के समूह ने अनूठे आयोजन को अंजाम दिया। कैप्टन फैजल फ्लेम्बन के नेतृत्व में इस गोताखोरी दल ने आवश्यक उपकरण और सभी जरूरी साजो सामान की व्यवस्था की। इस आयोजन में दूल्हा-दुल्हन और वहां मौजूद टीम को किसी तरह की मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ा। समुद्र के खजाने को खोजने और बचाने का संदेश ओला और यास्मीन इस असाधारण निकाह से समुद्र के अकूत खजाने की खोज और उसके संरक्षण का संदेश देना चाहते हैं। ओला ने कहा, इससे हम दूरदर्शी नेता प्रिंस बिन सलमान के सपने को साकार करने में योगदान देना चाहते हैं। सलमान समुद्री पर्यटन और इससे पारिस्थितिक तंत्र की हिफाजत के लिए कई अभियान चला चुके हैं। आशीष दुबे/ 22 अक्टूबर 2024