राष्ट्रीय
22-Oct-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन ने एक्स पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका भारतीय रेजिडेंस परमिट जुलाई में खत्म हो गया है और गृह-मंत्रालय उस परमिट को रिन्यू नहीं कर रहा है। तसलीमा ने कहा कि भारत उनका दूसरा घर है और 22 जुलाई के बाद से परमिट रिन्यू न होने से वे परेशान हैं । उन्होंने कहा कि अगर सरकार उन्हें भारत में रहने की इजाजत देती हैं, तब वे शुक्रगुजार होंगी। बांग्लादेश इनदिनों गंभीर सत्ता संघर्ष से जूझ रहा है। कुछ महीने पहले पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद से स्थिति अस्थिर है। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार इस वक्त लोकतांत्रिक संस्थाओं को फिर से बहाल करने की चुनौती का सामना कर रही है। नसरीन 2011 से भारत में रह रही हैं और उनके पास स्वीडन की नागरिकता है। वे पहले भी कई बार अपने रेजिडेंस परमिट के स्टेटस को लेकर भारत सरकार के अधिकारियों से कोई जानकारी न मिलने पर चिंता जता चुकी हैं। आशीष दुबे/ 22 अक्टूबर 2024