राष्ट्रीय
22-Oct-2024


अहमदाबाद (ईएमएस)। गुजरात के गांधीनगर में एक नकली कोर्ट, नकली जज और नकली वकील का मामला उजागर हुआ है। इस नकली कोर्ट के माध्यम से सेकड़ों करोड़ों रुपए की जमीन का घोटाला किया गया है। 100 एकड़ से ज्यादा सरकारी जमीन को आदेश जारी करके यह जलसाजी की गई है। यह मामला तब खुला,जब सिटी सिविल के रजिस्ट्रार ने नकली कोर्ट की रिपोर्ट अहमदाबाद के करंज थाने में दर्ज कराई। नकली जज के खिलाफ सिविल कोर्ट में 10 मामले पहले से ही लंबित हैं। नकली जज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गुजरात के गांधीनगर में मारिस सैमुअल को हिरासत में लिया गया है। यह गांधीनगर के सेक्टर 24 में नकली अदालत बनाकर, स्वयं आर्बिट्रेटर जज बनकर करोड़ रुपयों की जमीन के मामलों का फैसला कर रहा था। इसने 100 एकड़ सरकारी जमीन अपने नाम पर करने के आर्डर पास कर दिए। इस कोर्ट के आदेश से सरकारी दस्तावेजों में इस व्यक्ति का नाम भी चढ़ गया। इसने जमीन भी बेचकर भारी कमाई की। गांधीनगर में जो कोर्ट रूम इसने बनाया था। इसमें नकली वकील भी थे। जैसे न्यायालय में सुनवाई होती है। वैसे ही सुनवाईं करता था। जैसे न्यायालय से आदेश पास होते हैं। वैसे ही यह आर्बिट्रेटर जज के रूप में आदेश पारित करता था। 11 से अधिक मामलों में इसने आदेश पारित करके अरबों रुपए का घोटाला किया है। देश में यह अपने तरीके की धोखाधड़ी और जलसाजी का पहला मामला है। विवादित जमीनों के मामले में इसी तरह के आदेश पारित करके जमीनों को हड़पने का काम करता था। एसजे/ 22 अक्टूबर/2024