राज्य
22-Oct-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक 30 साल की महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया गया। महिला बुरी तरह जख्मी हो गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां गंभीर घाव को देखते हुए डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया है। जानकारी के मुताबिक, 36 साल के रविंदर सिंह उर्फ गोल्डी ने महिला पर चाकू चलाया था। दरअसल, महिला और आरोपी पड़ोसी हैं। करीब दो सालों से दोनों एक-दूसरे को जानते हैं। महिला ने कुछ दिनों से आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी। पड़ोसन का इग्नोर करना आरोपी को बर्दाश्त नहीं हुआ। उसने उसके शरीर पर चाकू से कई जख्म दे दिए। पुलिस को चाकूबाजी की घटना की सूचना सोमवार रात करीब 11:30 बजे मिली। फिलहाल ऑपरेशन के बाद महिला को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। चाकू से ताबड़तोड़ वार के चलते उसे कई जगह गंभीर चोटें लगीं हैं। पीड़िता के बयान के बाद आरोपी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हमला करने के लिए उसने जिस चाकू का इस्तेमाल किया था उसे भी बरामद कर लिया गया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पीड़िता अपने पति और बच्चों के साथ आरोपी के पड़ोस में करीब दो साल पहले रहने आई थी। आरोपी और पीड़िता के बीच कभी-कभी औपचारिक किस्म की बातें भी होती थीं। लेकिन कुछ समय बाद आरोपी की बातों से महिला असहज होने लगी। आरोपी की बातों से परेशान होकर महिला ने उससे बात करना बंद कर दिया। हालांकि इसे लेकर उसने कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई। महिला का इग्नोर करना आरोपी को अच्छा नहीं लगा। बात न होने से वह परेशान रहने लगा। गुस्से में वह पीड़िता के घर में घुस गया और उसपर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा। इस घटना में महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। वहीं महिला अस्पताल में भर्ती है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ईएमएस/22/अक्टूबर /2024