20-Oct-2024
...


मुंबई,(ईएमएस)। आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को 99 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में 6 अनुसूचित जनजाति (एसटी) और 4 अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित सीटों के नाम भी शामिल हैं। इसके साथ ही, 13 महिलाओं को भी टिकट दिया गया है, जबकि 11 नए चेहरे पहली बार भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की रविवार को आई 99 प्रत्याशियों की सूची में मुख्य उम्मीदवार के तौर पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। इनके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी सीट से चुनाव मैदान में होंगे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण भोकर से चुनाव लड़ेंगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के बेटे संतोष दानवे को भोकरदन सीट से टिकट दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को कोलाबा से टिकट मिला है, जबकि नितेश राणे कंकावली से चुनाव लड़ेंगे। यहां बताते चलें कि नार्वेकर हाल ही में शिवसेना और एनसीपी विधायकों की सदस्यता समाप्त नहीं करने को लेकर विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। वहीं, नितेश राणे मुस्लिम विरोधी बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं। महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा, और इसके परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इसी दिन नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी होगा, जिसके प्रत्याशी की घोषणा अभी नहीं की गई है। हिदायत/ईएमएस 20अक्टूबर24