ज़रा हटके
20-Oct-2024
...


ओटावा (ईएमएस)। रहस्यमयी सफेद चीज़ें कनाडा के समुद्र तटों पर बहकर आने से स्थानीय लोगों और वैज्ञानिकों में खलबली मच गई है। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर ये चीज है क्या। यह रहस्यमयी सफेद चीज़ें समंदर के किनारे बहकर आ रही हैं, लेकिन अब तक कोई भी व्यक्ति यह नहीं जान पाया है कि ये क्या हैं और कहां से आ रही हैं। सबसे पहले इन सफेद चीज़ों को न्यूफाउंडलैंड के प्लेसेंटिया खाड़ी के तट पर देखा गया था। स्थानीय पर्यावरणविद् स्टेन टोबिन ने बताया कि यह चीज़ें देख कर ऐसा लग रहा था जैसे किसी ने खराब रोटी बनाने की कोशिश की हो। उन्होंने कहा कि इनका आकार सिक्के से लेकर खाने की प्लेट तक बड़ा हो सकता है, और ये देखने में चिपचिपी, स्पंजी और ज्वलनशील लग रही हैं। टोबिन ने इन चीज़ों को स्टायरोफोम से मिलता-जुलता बताया, लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह स्टायरोफोम नहीं हैं। यह अजीबोगरीब घटना फेसबुक ग्रुप बीचकॉम्बर्स ऑफ न्यूफ़ाउंडलैंड एंड लैब्राडोर में चर्चा का विषय बन गई। इस ग्रुप के सदस्य फिलिप ग्रेस ने सबसे पहले इन चीज़ों की तस्वीर साझा की थी और पूछा था कि क्या कोई जानता है कि ये क्या हैं। उन्होंने इन चीज़ों की तुलना तले हुए आटे से की थी। हालांकि, अब तक वैज्ञानिकों को यह नहीं पता चल सका कि ये चीज़ें किस प्रकार की हैं और ये कहां से आई हैं। कुछ अटकलें यह भी लगाई जा रही हैं कि ये फंगस, मोल्ड, पाम ऑयल, पैराफिन वैक्स या एम्बरग्रीस (जो व्हेल से प्राप्त होता है और इत्र बनाने में उपयोग होता है) हो सकती हैं। स्थानीय निवासियों ने कोस्ट गार्ड को सूचित किया, लेकिन अधिकारियों ने भी यह स्वीकार किया कि उन्हें इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने जांच की और बताया कि यह चीज़ें वनस्पति आधारित हो सकती हैं, लेकिन इस पर और भी अध्ययन की आवश्यकता है। कनाडा के पर्यावरण मंत्रालय ने इस घटनाक्रम की गंभीरता को स्वीकार किया है और इस रहस्यमयी चीज़ की जांच के लिए कई बार तटों पर दौरा किया है। सुदामा/ईएमएस 20 अक्टूबर 2024