खेल
19-Oct-2024
...


बेंगलुरु (ईएमएस)। सरफराज खान... भारतीय क्रिकेट यह एक ऐसा नाम है, जिन्हें फैंस बेसब्री से टेस्ट में खेलते हुए देखना चाहते थे। इसकी वजह थी घरेलू क्रिकेट में उनका दमदार प्रदर्शन। घरेलू क्रिकेट में रनों का पहाड़ खड़ा करने के बाद भी सरफराज को नजरअंदाज किया जा रहा था। लेकिन सरफराज भी अड़े रहे। हौसला बनाए रखा। उनकी सालों की मेहनत अब रंग लाई। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। डेब्यू सीरीज में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं अब सरफारज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ दिया। भारत के लिए खेलते हुए शतक जड़ना सिर्फ सरफराज का ही सपना नहीं था बल्कि पूरे खान परिवार का सपना था। उनके पिता नौशाद खान ने अपने दोनों बच्चों (सरफराज और मुशीर खान) को भारत के लिए खिलाने का सपना देखा था। इसके लिए उन्होंने मेहनत भी काफी की। सुबह उठकर बच्चों को मैदान लेकर जाना और आर्मी जैसी ट्रेनिंग कराना। जहां सरफराज भारत के लिए खेल रहे हैं, वहीं छोटे भाई मुशीर घरेलू क्रिकेट में तपकर तैयार हो रहे हैं। जब शतक जड़ने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ सरफराज ने सेलिब्रेट किया। सरफराज का यह सेलिब्रेशन ही अपने आप में बहुत कुछ कह रहा था। सरफराज ने 110 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। अपनी सेंचुरी उन्होंने चौके के साथ पूरी की। शतक लगाने के बाद सरफारज खुशी से झूम उठे और भागने लगे। उन्होंने भागते-भागते जोर से अपना बल्ला हवा में घुमाया और सेलिब्रेट किया। उनके सेलिब्रेशन में एक अलग सी खुशी थी। ऐसा लग रहा था कि वे अपने पिता से कह रहे हों कि जैसे पापा मैंने कर दिखाया...सरफराज ने घरेलू क्रिकेट में तमाम शतक लगाए हैं। लेकिन यह उनका पहला इंटरनेशनल शतक था। इसलिए यह पल उनके लिए सबसे ज्यादा खास था, जिसको उन्होंने अच्छे से सेलिब्रेट किया। बता दें कि सरफराज ने शतक तक पहुंचने के लिए अपनी पारी में 13 चौके और 3 छक्के लगाए थे। जब सरफराज बल्लेबाजी करने आए थे। तब बोर्ड कीवी टीम के पास बड़ी लीड थी। रोहित शर्मा आउट हो चुके थे। उन्हें मुश्किल पिच पर विराट कोहली के साथ साझेदारी करनी थी। आशीष दुबे / 19 अक्टूबर 2024