क्षेत्रीय
19-Oct-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। यमुना पुल के ऊपर सराय काले खां इलाके में सरेराह मेरठ के एक जूलर की कार से ठक-ठक गैंग 54 लाख रुपये ले उड़ा। साउथ ईस्ट जिले के सनलाइट कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया गया। क्राइम ब्रांच ने 24 घंटे में मामला सुलझाते हुए एक आरोपी मदनगीर निवासी अभिनव उर्फ अभिमन्यु (24) को अरेस्ट कर लिया। इससे 45 लाख रुपये बरामद कर लिए। आरोपी पर पहले से चोरी और लूट के 15 से ज्यादा केस हैं। यह आंबेडकर नगर थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है। डीसीपी (क्राइम) भीष्म सिंह ने बताया कि मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी जूलर संजय कौशिक अपने पार्टनर कैलाश के साथ 15 अक्टूबर को जूलरी खरीदने चांदनी चौक आ रहे थे। कार की पिछली सीट पर रखे दो बैगों में 54 लाख रुपये थे। दोपहर करीब 3:00 बजे सराय काले खां के करीब यमुना पुल पर पहुंचे तो बाइक सवार दो लड़के करीब आए। कार के इंजन ऑयल से लीकेज की बात कही। कार रोकी तो इंजन के आसपास तेल बिखरा हुआ था। कार बोनट खोल कर देखने लगे। इसी बीच बाइक सवार बदमाश कार से दोनों बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। सनलाइट कॉलोनी थाने में केस दर्ज हुआ। क्राइम ब्रांच के एएसआई I सुनील को साकेत के पुष्प विहार स्थित चर्च गली में एक आरोपी की मूवमेंट का पता चला। एसीपी सुशील कुमार और इंस्पेक्टर अमित प्रकाश की निगरानी में एसआई मनोज कुमार, प्रेमजीत और मंजू बाला की टीम ने आरोपी को वहां से गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे 45 लाख रुपये रिकवर हो गए। पुलिस इसके सहयोगी की तलाश कर रही है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ईएमएस/19/अक्टूबर /2024