खेल
19-Oct-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएएस)। विश्व के कई क्रिकेटर ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने शतक तो नहीं लगाये पर काफी रन जरुर बना दिये। इन क्रिकेटरों में नंबर एक पर ऑस्ट्रेलिया के महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न हैं। वार्न बिना शतक लगाये ही टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 145 टेस्ट मैच में वॉर्न ने 3154 रन बनाये थे। इस दौरान उन्होंने 12 अर्धशतक भी लगाये। वॉर्न का सबसे अधिक स्कोर 99 रन रहर है। श्रीलंका के विकेटकीपर बल्लेबाज निरोशन डिकवेला ने भी 54 टेस्ट मैच में 2757 रन बनाये हैं। वहीं एकदिवसीय में डिकवेला ने दो शतक लगाये थे पर टेस्ट में वह एक भी शतक नहीं लगा पाए। उनका सबसे अधिक स्कोर 96 रन है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी 89 टेस्ट में करीब 21 की औसत से 2093 रन बनाए हैं। उनके नाम 10 अर्धशतक हैं पर वह शतक नहीं लगा पाये। भारत के खिलाफ वह 99 रन बनाकर आउट हो गए थे। यही उनका सबसे अधिक स्कोर है। वहीं भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज रहे चेतन चौहान के नाम भी 40 टेस्ट मैचों में 31.57 की औसत से 2084 रन हैं। 1969 से 1981 के बीच ये टेस्ट खेले थे। इसमें इसमें 16 अर्धशतक शामिल हैं पर वह एक बार भी शतक नहीं लगा पाये उनका सर्वाधिक स्कोर 97 रन रहा है। इसके अलावा न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टिम साउदी का टेस्ट में स्ट्राइक रेट 82 रनों से अधिक रहा है। उनकी सबसे बड़ी पारी 77 रनों की ही रही है। साउदी के नाम 102 मैच में 2115 रन है। गिरजा/ईएमएस 19 अक्टूबर 2024