क्षेत्रीय
18-Oct-2024


गढ़वा(ईएमएस)।झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए गढ़वा-रंका विधानसभा क्षेत्र से पर्यटन मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर 21 अक्टूबर को झारखंड मुक्ति मोर्चा से नामांकन करेंगे। मंत्री ठाकुर के नामांकन में प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल होंगे।जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि उनके नामांकन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित महागठबंधन के कई नेता शामिल होंगे।नामांकन कार्यक्रम में महागठबंधन के कार्यकर्ता, पदाधिकारी सहित आमजनों का महा जुटान होगा।विधानसभा क्षेत्र के गढ़वा, रंका, मेराल, चिनियां, रमकंडा व डंडा सभी प्रखंडों के प्रत्येक गांव से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्र की जनता शामिल होंगे।मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि सभी लोग रामासाहू उच्च विद्यालय के स्टेडियम में एकत्रित होंगे।वहां से मंझिआव मोड़, मेन रोड, रंका मोड़ होते हुए रैली टाउन हॉल के मैदान में पहुंचेगी।टाउन हॉल से मंत्र ठाकुर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ नामांकन के लिए जाएंगे।नामांकन के बाद टाउन हॉल के मैदान में मुख्यमंत्री एवं मंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।मंत्री ने गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों से नामांकन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की चाबी जनता के हाथ में होती है।जनता अपनी ताकत का अहसास कराएगी।गढ़वा की जनता अपना हक अधिकार लूटने वालों एवं विकास विरोधियों को उखाड़ फेंकने के लिए पूरी तरह से तैयार है। कर्मवीर सिंह/18अक्टूबर24