अंतर्राष्ट्रीय
18-Oct-2024


सियोल (ईएमएस)। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने अपने सैनिकों से कहा है कि वे दक्षिण कोरिया को एक शत्रु राष्ट्र के रूप में मानें। किम ने कहा कि अगर दक्षिण कोरिया उनकी संप्रभुता का उल्लंघन करता है, तब उस पर हमला करने में संकोच नहीं होगा।सेना मुख्यालय में किम की यह टिप्पणी तब आई है जब इस सप्ताह उ.कोरिया ने दक्षिण कोरिया को एक ‘‘शत्रु राष्ट्र’’ के रूप में परिभाषित करने के लिए अपने संविधान को संशोधन किया है। उ.कोरिया ने द.कोरिया से जुड़े सड़क और रेल संपर्क मार्गों को ध्वस्त कर दिया है। यह कदम किम के उस आह्वान के अनुरूप है जिसमें उन्होंने दक्षिण कोरिया के साथ मेल-मिलाप के संबंध को त्यागने पर जोर दिया था। विश्लेषकों का मानना ​​है कि उत्तर कोरिया के इस कदम से सीमावर्ती क्षेत्रों में संभावित झड़पों का खतरा बढ़ रहा है, हालांकि उत्तर कोरिया के लिए अमेरिकी और दक्षिण कोरिया की मजबूत सेनाओं के सामने बड़े पैमाने पर हमले के बारे में सोचना काफी हद तक संभव नहीं है। किम ने सैनिकों से कहा कि वे दक्षिण कोरिया के विरुद्ध आक्रामक तरीके से बल प्रयोग को ‘‘देशवासियों के खिलाफ नहीं बल्कि शत्रु देश के खिलाफ वैध जवाबी कार्रवाई के रूप में देखें। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि अगर द.कोरिया उत्तर कोरिया की संप्रभुता का उल्लंघन करता है, तब उनके सैनिक उसके विरुद्ध बल का प्रयोग करने में संकोच नहीं करने वाले है। आशीष दुबे/ 18 अक्टूबर 2024