राष्ट्रीय
18-Oct-2024


विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दिखाया केजरीवाल को आईना नई दिल्ली (ईएमएस)।दिल्ली में एक ओर जहां वायु प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर झाग वाली यमुना की तस्वीरें भी वायरल हो गईं हैं। छठ पूजा से पहले यमुना में बढ़े अमोनिया के स्तर को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली सरकार की घेराबंदी में जुट गई है। दरअसल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा ने अरविंद केजरीवाल का वह पुराना वीडियो वायरल कर दिया है। जिसमें तब के सीएम ने वादा किया था कि 2025 चुनाव से पहले यमुना साफ होगी और वे खुद इसमें डुबकी लगाएंगे। उन्होंने इतना तक कहा था कि ऐसा ना होने पर उन्हें वोट ना दिया जाए। भाजपा अब वह वीडियो दिखाकर केजरीवाल से पूछ रही है कि वे कब डुबकी लगाकर दिखाएंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने केजरीवाल का पुराना वीडियो शेयर कर लिखा, यह ड्रामा याद है या भूल गए केजरीवाल जी। चुनाव भी आ चुके हैं और हमारे पूर्वांचल की माताओं और बहनों का छठ लोकपर्व भी! फिर बताइए, कब आ रहे हैं आप? आपने अपने कर्मों की तरह मां यमुना को भी काला कर दिया है। जिसकी पवित्रता और शुद्धता का उल्लेख हमारे पौराणिक ग्रंथो में भरा पड़ा है, उस दूषित करने का काम आपने किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी केजरीवाल के भाषण का हिस्सा शेयर कर पूछा कि वह कब यमुना में डुबकी लगाने आ रहे हैं। भंडारी ने कहा, केजरीवाल कब यमुना में डुबकी ले रहे हैं? आप ने दिल्ली का बुरा हाल कर दिया। दिल्ली भाजपा के बड़े नेता विजय गोयल ने झाग से पटी यमुना का वीडियो दिखाकर लिखा, अब जनता भी कह रही हैं, केजरीवाल भगाओ, दिल्ली बचाओ। भाजपा केजरीवाल के जिस वीडियो को शेयर कर रही है, वहां वीडियो 2021 का है। तब दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर वे एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। यमुना सफाई के मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा था, यमुना मेरी जिम्मेदारी है। मैं तीन चार दिन से देख रहा हूं कि बहुत आरोप प्रत्यारोप चल रहा है। यमुना में चाहे हरियाणा से आ रहा है या यूपी से आ रहा है, चाहे कहीं से आ रहा है। यमुना को साफ करने की जिम्मेदारी मेरी है। मैं किसी को दोष नहीं दूंगा। यह 70 साल की समस्या है, 2 दिन की नहीं। आशीष दुबे 18 अक्टूबर 2024