राज्य
18-Oct-2024


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात राज्य पथ परिवहन निगम (जीएसआरटीसी) आगामी दिवाली त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा ना हो| परिवहन निगम की विज्ञप्ति के मुताबिक आगामी दिवाली त्योहारों के दौरान 8,340 बसों की अतिरिक्त यात्राओं में राज्य के लगभग 3.75 लाख यात्रियों को जीएसआरटीसी की सुरक्षित और समय पर यात्रा से लाभ होगा। बता दें कि जीएसआरटीसी प्रतिदिन 33 लाख किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 8,000 से अधिक बसें संचालित करता है और 25 लाख से अधिक यात्रियों को सुरक्षित और समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बस सेवाएं प्रदान करता है। हर साल की तरह जीएसआरटीसी ने दिवाली के त्योहार के लिए विशेष रूप से 8,340 बसों की अतिरिक्त यात्राओं की योजना बनाई गई है, ताकि कामकाजी नागरिक अपनी मातृभूमि में परिवारों के साथ त्योहार मना सकें। इस साल की योजना में सूरत से 2200, दक्षिण-मध्य गुजरात से 2900, सौराष्ट्र-कच्छ से 2150 और उत्तर गुजरात से 1090 बसें कुल 8,340 अतिरिक्त यात्राओं का आयोजन किया गया है। इससे राज्य के लगभग 3.75 लाख यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं समयबद्ध बस सेवाओं का लाभ मिलेगा। जीएसआरटीसी के दिवाली एक्स्ट्रा मैनेजमेंट प्लानिंग को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। पिछले महीने की तुलना में त्योहारों के परिणामस्वरूप दैनिक अग्रिम बुकिंग में 18% की वृद्धि हुई है। इस अवधि के दौरान सभी यात्री निगम के मंडल कार्यालय के डिपो और निगम की वेबसाइट www.gsrtc.in पर निगम द्वारा की जाने वाली अतिरिक्त प्रबंधन सेवाओं की अग्रिम और वर्तमान ऑनलाइन बुकिंग का लाभ उठा सकेंगे। एसटी में यात्रा करने वाले यात्री परिचालन संबंधी प्रश्नों के लिए निगम के टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं। 1800-233-666666 पर 24 घंटे जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। गौरतलब है राज्य के सौराष्ट्र क्षेत्र और विशेष रूप से भावनगर, अमरेली, जूनागढ़ और राजकोट जिलों के हीरा तराशने और इसके व्यापार से जुड़े लोग सूरत में बसे हुए हैं, जो दिवाली त्योहार के दौरान मातृभूमि की यात्रा करते हैं। बड़ी संख्या में यात्रा करने वाले सौराष्ट्र के नागरिकों और राज्य के अन्य लोगों के लिए सूरत से विशेष अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। निगम के सूरत मंडल ने 26 से 30 अक्टूबर 2024 तक सौराष्ट्र, पंचमहल, उत्तर गुजरात और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों के लिए सूरत से अतिरिक्त 2200 बसों की व्यवस्था की है। जीएसआरटीसी विज्ञप्ति के मुताबिक निगम के अन्य विभागों द्वारा दिवाली अवधि के दौरान राज्य के विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त सेवाएं संचालित की जाएंगी। सतीश/18 अक्टूबर