राष्ट्रीय
18-Oct-2024


नई दिल्ली,(ईएमएस)। खालिस्तान समर्थक और सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की नाकाम कोशिश के सिलसिले में गठित भारतीय जांच समिति की अमेरिका में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद भारत ने कहा कि उसने अमेरिका द्वारा दी गई जानकारी को बहुत गंभीरता से लिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह बात कही। मामले के संबंध में अमेरिकी न्याय विभाग (डीओजे) के अभियोग में चिह्नित व्यक्ति के बारे में एक अन्य सवाल पर जायसवाल ने कहा कि वह व्यक्ति अब भारत सरकार का कर्मचारी नहीं है। अमेरिका ने पूर्व में कहा था कि भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की साजिश के आरोपों से निपटने में गंभीरता दिखाई है। भारतीय अधिकारियों की एक टीम ने हाल में वाशिंगटन में विदेश विभाग और न्याय विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। अमेरिका के आरोपों के बाद भारत ने साजिश के संबंध में अमेरिका द्वारा दी गई जानकारी की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति नियुक्त की। समिति के दो सदस्य अमेरिका गए और अमेरिकी अधिकारियों के साथ बैठक कर बातचीत की। सिराज/ईएमएस 18अक्टूबर24