राज्य
18-Oct-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश की राजधानी दिल्ली में सर्दी के शुरुआत के साथ ही प्रदूषण दस्तक देने लगता है। इस बार भी प्रदूषण की मार दिल्लीवासियों पर पड़नी शुरू हो गई। जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह भाजपा नेता शहजाद पूनावाला वायु प्रदूषण के विरोध में चेहरे पर रेस्पिरेटर (मास्क) पहनकर स्मॉग टॉवर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के कारण आज दिल्ली गैस चैंबर बन गई है। उन्होंने बड़े-बड़े वादे किये थे कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनायेंगे, लेकिन आज यमुना की स्थिति देखो, राजधानी भी गैस चैंबर बन गई है। उधर, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने कहा कि विशेष कार्य योजना बनाने के लिए आज 1 बजे बैठक होगी। बैठक में कुछ कड़े फैसले लिए जा सकते हैं। शहजाद पूनावाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) ने दिवाली पर पटाखों पर तो बैन लगा दिया, लेकिन जिस स्मॉग टावर पर 23 करोड़ रुपये खर्च किए, उस पर ताला लगा दिया गया है। आप ने प्रदूषण कम करने के नाम पर लोगों को धोखा दिया है। दिल्ली को सबसे प्रदूषित शहर बनाने का काम किया जा रहा है, इसका पर्दाफाश किया जाएगा। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में पिछले 10 साल से सत्ता में काबिज आप सरकार का प्रदूषण कम करने का कोई इरादा नहीं है। राजधानी में प्रदूषण फिर से खतरनाक श्रेणी में पहुंचता जा रहा है। यमुना और हवा प्रदूषित हैं। लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यह तो बस शुरुआत है। सांसद ने कहा कि 4-5 महीने बाद चुनाव हैं, जनता से मेरी विनती है कि भाजपा को फिर से दिल्ली में मौका दें। जब कोई समस्या आती है तो आप सरकार जागती है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ईएमएस/18/अक्टूबर /2024