राज्य
18-Oct-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। दूसरे राज्यों की प्राइवेट बसें (डग्गामार बसें) अब दिल्ली में जाम का कारण नहीं बन सकेंगी। ये बसें चिन्हित बस अड्डों से ही सवारियां बैठाएंगी। दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना की पहल पर दिल्ली पुलिस ने डग्गामार बस चालकों की मनमानी को रोकने के लिए कवायद शुरू की है। दिल्ली यातायात पुलिस ने एक सितंबर से लेकर 15 अक्तूबर तक कुल 2023 डग्गामार बसों का चालान किया और 503 बसों को जब्त किया। यातायात पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब दिल्ली के तीनों आईएसबीटी से ही निजी बसें संचालित हो सकेंगी और इन बसों के लिए ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट अनिवार्य है। ये बसें आनंद विहार, कश्मीरी गेट और सरायकालेखां से ही सवारियां बैठा सकेंगी। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में निजी बसें दूसरे राज्यों के लिए चलती हैं। एक तरह से शाम के समय दिल्ली के कई इलाकों में प्रतिदिन अवैध बस स्टैंड बन जाते हैं। इन बसों की टिकट बुकिंग मोबाइल पर दिए गए नंबर से होती है। इनमें स्लीपर सुविधा वाली बसें भी शामिल हैं। दिल्ली यातायात पुलिस ने इन डग्गामार बसों के खिलाफ अभियान एक सितंबर से शुरू किया है। अब डग्गामार बसें बस अड्डों से ही सवारी बैठा सकेंगी। अगर चालकों ने बस अड्डे के बाहर से सवारियां बैठाई तो उनका पांच से 20 हजार का चालान किया जा रहा है। डग्गामार बसों के चालक अगर बीच रोड पर सवारी बैठाते हैं तो इससे जहां जाम लगता है वहीं इन सड़क दुर्घटनाएं भी होती हैं। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ईएमएस/18/अक्टूबर /2024