अंतर्राष्ट्रीय
18-Oct-2024


वाशिंगटन(ईएमएस)।अमेरिका के न्याय विभाग ने भारतीय रॉ अधिकारी पर सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। गुरुवार को न्यूयॉर्क में एक अमेरिकी अदालत के समक्ष यह दावा किया गया। बता दें कि भारत सरकार ने अमेरिका की धरती पर अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश में शामिल होने से इनकार किया है। अमेरिका के आरोपों पर नई दिल्ली ने इसकी जांच के लिए समिति का भी गठन किया है। सिख अलगाववादी पन्नू की हत्या की कथित नाकाम साजिश के सिलसिले में गठित भारतीय जांच समिति की अमेरिका में अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद भारत ने गुरुवार को कहा कि उसने यूएस की ओर से दी गई जानकारी को बहुत गंभीरता से लिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पुष्टि की कि आरोपी व्यक्ति अब भारत सरकार का कर्मचारी नहीं है। अमेरिका ने पहले कहा था कि भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की साजिश के आरोपों से निपटने में गंभीरता दिखाई है। अमेरिकी अधिकारियों ने आरोपी की पहचान 39 वर्षीय विकास यादव के रूप में की है। वह कैबिनेट सचिवालय में काम करता था, जिसमें भारत की विदेशी खुफिया सर्विस रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) शामिल है। माना जा रहा है कि यादव अब सरकारी कर्मचारी नहीं है। उस पर तीन मामलों का आरोप लगाया गया है, जिसमें हत्या के लिए भाड़े पर हायरिंग करना और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश रचना भी शामिल है।पन्नू मामले में सह-साजिशकर्ता निखिल गुप्ता को पिछले साल चेकोस्लोवाकिया से गिरफ्तार किया गया था। यहां से प्रत्यर्पण के बाद वह अमेरिकी जेल में बंद है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल मेरिक बी. गारलैंड ने कहा, ये आरोप गंभीर है। न्याय विभाग अमेरिकियों को निशाना बनाने, उन्हें खतरे में डालने और उन अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगा, जिनका हर अमेरिकी नागरिक हकदार है। एफबीआई निदेशक क्रिस्टोफर रे का भी बयान आया है। उन्होंने कहा, भारतीय सरकारी कर्मचारी ने कथित तौर पर आपराधिक सहयोगी के साथ मिलकर साजिश रची। अमेरिका की धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या करने का प्रयास किया गया। वीरेन्द्र विश्वकर्मा/ईएमएस 18 अक्टूबर 2024

खबरें और भी हैं