अंतर्राष्ट्रीय
16-Oct-2024
...


-जादू-टोना के चक्कर में शव के किए टुकडे-टुकडे केंटुकी (ईएमएस)। केंटुकी राज्य में एक 32 वर्षीय महिला को अपनी मां की बेरहमी से हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला को मां के शव के टुकड़े-टुकड़े कर उसे घर और बाहर फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने महिला, टोरिलेना फील्ड्स, पर सरकारी कार्यों में बाधा डालने, भौतिक साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने और शव के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। यह मामला उस समय उजागर हुआ, जब एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि एक घर में महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ है। बीते बुधवार, माउंट ओलिवेट के ब्रियर्ली रिज रोड पर स्थित एक घर में पुलिस को सूचना मिली कि वहां एक महिला का शव पड़ा हुआ है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उन्होंने देखा कि घर के पीछे घास में एक महिला का क्षत-विक्षत शरीर पड़ा हुआ था। शरीर के कुछ हिस्से खून से सने हुए थे और वहां से घसीटे जाने के निशान भी मिले। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घर की तलाशी ली, जहां ओवन में एक स्टेनलेस स्टील के बर्तन में मानव शरीर के अंग मिले। पुलिस के मुताबिक, इस सूचना देने वाला व्यक्ति एक कॉन्ट्रैक्टर था, जो प्रॉपर्टी से जुड़ा काम करता था। उसने बताया कि उसे शव के टुकड़े और शरीर के अन्य हिस्से घर के अंदर और बाहर फैले हुए मिले थे। इस व्यक्ति ने दावा किया कि वह आखिरी बार महिला को उसके घर के गेट पर देख चुका था, जहां दोनों के बीच विवाद हो रहा था। पुलिस ने बताया कि टोरिलेना और उसकी मां के बीच संबंध अच्छे नहीं थे, और दोनों के बीच विवादों की खबरें भी सामने आई थीं। टोरिलेना के बारे में यह जानकारी सामने आई है कि वह जादू-टोना करती थी, और यही कारण था कि उसकी मां के साथ रिश्ते में तनाव था। प्रॉपर्टी से जुड़े व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि टोरिलेना अपनी मां पर जादू-टोना करती थी, जिससे दोनों में अक्सर तकरार होती थी। पुलिस के अनुसार, जब वे घर में दाखिल हुए, तो टोरिलेना फील्ड्स ने दरवाजा खोलने से इनकार कर दिया। रात करीब 11 बजे पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल कर उसे बाहर निकाला। महिला के चेहरे, हाथों और कपड़ों पर खून के धब्बे थे, और उसकी हालत देखकर यह स्पष्ट हो गया कि वह इस क्रूर घटना में शामिल थी। पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच अभी जारी है, और जांच के बाद महिला पर अतिरिक्त आरोप भी लगाए जा सकते हैं। इस सनसनीखेज घटना ने स्थानीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। सुदामा/ईएमएस 16 अक्टूबर 2024