ट्रेंडिंग
05-Oct-2024
...


सुबह 11 बजे तक 22.70 फीसदी हुआ मतदान चंडीगढ़,(ईएमएस)। हरियाणा में आज शनिवार को अंतिम चरण में 90 सीटों के लिए मतदान सुबह से ही जारी है। यहां सुबह 11 बजे तक 22.70 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान शाम 06 बजे तक होना है, इससे पहले अनेक बूथों में छुट-पुट झड़प की शिकायतें मिली हैं, जबकि जुलाना में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत भी मिली है। हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए सुबह से जारी मतदान का प्रतिशत 11 बजे तक करीब 23 फीसदी रहा। शनिवार को अंतिम चरण का मतदान हो रहा है, इसमें अभी तक सबसे ज्यादा मतदान 27.94 फीसदी पलवल जिले में और सबसे कम मतदान पंचकूला जिले में दर्ज किया गया है। पंचकूला में 11 बजे तक मात्र 13.46 फीसदी ही मतदान हो पाया है। हरियाणा में मतदान संपन्न होने के साथ ही चुनाव परिणाम 8 अक्टूबर को आएगा। इसबीच हो रहे मतदान में अनेक जगहों से छुट-पुट झड़पों के समाचार हैं। इनमें प्रमुख रुप से भिवानी पोलिंग बूथ है, जहां झड़प होने की सूचना है। यहां पर भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हाथापाई करने के आरोप लगाए हैं। एक अन्य जानकारी अनुसार सोनीपत-पंचकूला में एक बूथ में ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतदान आधे घंटे विलंब से शुरु हो सका। मतदान के बीच बड़ी खबर जींद के जुलाना से आई है, जहां पर बूथ कैप्चरिंग की शिकायत की गई है। जैसे ही बूथ कैप्चरिंग की जानकारी लोगों तक पहुंची वैसे ही यहां के भाजपा प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी घटना स्थल पर पहुंच गए। उनके वहां पहुंचने का लोगों ने जोरदार विरोध किया और तभी कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसी तरह से महेंद्रगढ़ में पोलिंग बूथ पर झगड़ा होने और दो पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर मुक्के बरसाने का समाचार है। जानकारी अनुसार महेंद्रगढ़ जिला में नांगल चौधरी के धोखेरा गांव में वोटिंग हो रही थी तभी दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दोनों ही पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर खूब मुक्के बरसाए। इससे अफरातफरी की स्थिति बन गई। कांग्रेस समर्थकों पर बूथ पर अनाबश्यक कब्जा करने की कोशिश करने जैसे भी आरोप लगे हैं। ऐसी तमाम छुट-पुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। हिदायत/ईएमएस 05अक्टूबर24