ज़रा हटके
04-Oct-2024
...


वॉशिंगटन(ईएमएस)। हाल ही में वैज्ञानिकों ने पृथ्वी से काफी दूर ब्रह्मांड में पानी के एक बड़े भंडार की खोज की है। उन्होंने एक नए तारे की पहचान की है, जो अपने युवावस्था में है और इसके चारों ओर गैस और धूल का विशाल डिस्क बना हुआ है। यह प्रक्रिया धरती के निर्माण के समय, लगभग 4.5 बिलियन वर्ष पहले, के समान प्रतीत होती है। यदि सबकुछ सही रहा, तो यह खोज एक चमत्कार से कम नहीं होगी। मिलान विश्वविद्यालय के खगोल वैज्ञानिक और अध्ययन की टीम के प्रमुख स्टेफानो फाचिनी ने इस खोज पर चर्चा करते हुए कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि हम उसी क्षेत्र में जलवाष्प के महासागरों की तस्वीर ले सकते हैं, जहां ग्रह बनने की संभावना है। यह अध्ययन नेचर एस्ट्रोनॉमी में प्रकाशित हुआ है, जिसमें कहा गया है कि जलवाष्प की मात्रा नए ग्रह के निर्माण के बाद उसके रहने योग्य होने की संभावनाओं को बढ़ा सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, एचएल टौरी के आसपास मौजूद जलवाष्प नए ग्रहों के जन्म के लिए अनुकूल है। यह स्थिति 4.5 अरब साल पहले पृथ्वी के निर्माण के समय की परिस्थितियों से बहुत हद तक मिलती-जुलती है। वैज्ञानिक फाचिनी ने कहा, हमारी हाल की तस्वीरों से कुछ नई जानकारियां मिली हैं। पर्याप्त मात्रा में जलवाष्प के मध्य एक गैप भी है, जिसके बारे में अनुमान है कि यहां एक अन्य ग्रह का निर्माण हो सकता है। यह खोज ब्रह्मांड के बारे में हमारी समझ को और अधिक विस्तारित करती है और नए ग्रहों के निर्माण की संभावनाओं को उजागर करती है। वीरेन्द्र/ईएमएस 04 अक्टूबर 2024