खेल
19-Sep-2024
...


चेन्नई (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा है कि रोहित को ड्रेसिंग रूम में काफी सम्मान मिलता है। उन्होंने कहा कि कप्तानी का यह गुण किसी भी सफल नेता के लिए सबसे जरुरी होता है। गंभीर के अनुसार एक टीम की सफलता में कप्तान की भूमिका अहम होती है। उन्होंने कहा कि कोच की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है पर मैदान पर अंतिम निर्णय कप्तान ही लेता है। गंभीर ने कहा, टीम अंततः कप्तान की होती है क्योंकि वह मैदान पर आगे आकर नेतृत्व करता है। रोहित का नेतृत्व और ड्रेसिंग रूम में सम्मान अहम है। वह एक महान व्यक्ति हैं और उन्हें ड्रेसिंग रूम में बहुत सम्मान मिला है। यही एक नेता का असली गुण और उपलब्धि है। गंभीर ने यह भी माना कि कभी-कभी रणनीति या निर्णय लेने में मतभेद हो पर उनका मानना है कि अंतिम फैसला कप्तान का होना चाहिये। उन्होंने कहा, कप्तान के लिए सम्मान और समर्थन पर समझौता नहीं किया जा सकता है। अंतिम निर्णय कप्तान पर आधारित रहता है। उन्होंने रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह की भी जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा, रोहित को शुरुआती दौर में मुश्किलों का सामना करना पड़ा पर समर्थन मिलने के बाद वह एक प्रमुख खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। वहीं विराट ने अपनी फिटनेस के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट को भी नई दिशा दी है। अश्विन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर बने हैं, जबकि बुमराह ने विश्व क्रिकेट में अपनी अलग ही पहचान बनाई है। उनके अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए काफी अहम साबित होंगे। गंभीर ने यह भी जोर दिया कि टीम की जरूरतों को पूरा करने के लिए सही संयोजन चुनना अहम है। गिरजा/ईएमएस 19 सितंबर 2024