खेल
16-Sep-2024


सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराया नई दिल्ली(ईएमएस)। भारत छठी बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गया है। सोमवार को दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने साउथ कोरिया को 4-1 से हरा दिया। मुकाबला चीन में हुलुनबुइर के मोकी हॉकी ट्रेनिंग बेस में खेला गया। इस टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार छठी जीत है। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 गोल कप्तान हरमनप्रीत ने किए। उनके अलावा उत्तम सिंह, जरमनप्रीत ने 1-1 गोल किया। साउथ कोरिया की तरफ से यंग जी हुन ने गोल किया। फील्ड गोल के लिए जरमनप्रीत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारत फाइनल में मंगलवार को मेजबान चीन से खेलेगा। यह मुकाबला भारतीय टाइमिंग के हिसाब से दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। चीन ने पाकिस्तान को पहले सेमीफाइनल के पेनल्टी शूटआउट में 2-0 से हराया। विनोद उपाध्याय / 16 सितम्बर, 2024