ज़रा हटके
24-Aug-2024
...


गेबरोन (ईएमएस)। 1905 में दुनिया का सबसे बड़ा हीरा खोजा गया था। यह हीरा 3106 कैरेट का था। 1 कैरेट में 200 मिलीग्राम होते हैं। इससे आप अनुमान लगा सकते हैं कि यह हीरा कितना बड़ा था। अब 119 साल बाद एक और हीरा मिला है जिसे दुनिया का अब तक का दूसरा सबसे बड़ा डायमंड कहा जा रहा है। इसका वजन लगभग आधा किलो है। यह हीरा 2492 कैरेट का है। इसे बोत्सवाना में एक कनाडाई माइनिंग कंपनी द्वारा खोजा गया है। दुनिया में जितने हीरे निकलते हैं उनका 23 फीसदी बोत्सवाना से आता है। इस हीरे को बोत्सवाना की राजधानी गेबरोन से करीब 500 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कैरो खदान से निकाला गया है। बता दें कि हीरा पूरी तरह कार्बन से बना होता है। धरती के अंदर जब मैग्मा एक जगह एकत्रित हो जाता है तो काफी लंबे समय तक वहां ताप और दबाव झेलने के कारण कार्बन के क्रिस्टल धीरे-धीरे हीरे में परिवर्तित हो जाते हैं। अगर हीरे को एक खास तापमान पर गर्म किया जाए तो वह पूरा भाप बनकर गायब हो जाता है। सबसे शुद्ध हीरे में केवल 0.05 फीसदी अशुद्धि होती है। 1905 में साउथ अफ्रीका में दुनिया का सबसे बड़ा हीरा निकला था। इस हीरे को कलिनन डायमंड कहा जाता है। इसे 1907 में ब्रिटिश राजा एडवर्ड को भेंट किया गया था। बाद में इसके 9 टुकड़े किए गए। इस हीरे का सबसे बड़ा टुकड़ा ब्रिटिश राजा के राजदंड में लगा है। एक और हिस्सा राज मुकुट में जड़ा गया है। सबसे बड़े हीरे को ग्रेट स्टार ऑफ अफ्रीका भी कहा जाता है। 2019 में भी करीब 1758 कैरेट का हीरा खोजा गया था जिसे फ्रांस की फैशन कंपनी लुई विटॉन ने खरीद लिया था। हालांकि, इसकी कीमत के बारे में आजतक कोई पुष्ट खबर नहीं है। 2017 में 1111 कैरेट का हीरा 444 करोड़ रुपये में बिका था। अगर उस हिसाब से भी देखा जाए तो यह हीरा उस हीरे के साइज से दोगुने से भी बड़ा है। इसलिए उम्मीद लगाई जा रही है कि ये हीरा 1000 करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है। हालांकि, यह केवल अनुमान हैं और हीरे की असली कीमत इससे कहीं अधिक हो सकती है। वीरेन्द्र/ईएमएस 24 अगस्त 2024