अंतर्राष्ट्रीय
27-Jul-2024
...


कराची (ईएमस)। पाकिस्तान आर्थिक संकटों का सामना कर रहा है। पाकिस्तान चाहता है कि टूरिस्ट आए, जिससे उसकी कमाई हो सके। लेकिन पाकिस्तान की उम्मीदों पर एक रिपोर्ट ने पानी फेर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान का कराची शहर दुनिया के दूसरे सबसे जोखिम वाले शहरों में से एक है। कराची को 100 में से 93.12 नंबर के साथ पर्यटकों के लिए दूसरा सबसे जोखिम भरा शहर माना गया है। फोर्ब्स एडवाइजर की तीन सबसे जोखिम भरे शहरों की सूची जारी की गई। बेनेजुएला के कराकस के बाद कराची दूसरे स्थान पर था। कराकस का स्कोर 100 था। म्यांमार का यांगून 100 में से 91.67 स्कोर के साथ तीसरा सबसे खतरनाक शहर है। रिपोर्ट में सबसे खतरनाक दूसरा शहर होने का कारण उच्च व्यक्तिगत सुरक्षा जोखिम, अपराध, हिंसा, आतंकवादी खतरों, प्राकृतिक आपदाओं और आर्थिक कमजोरियों से जोखिम है। रिपोर्ट कहती है कि कराची को अमेरिकी विदेश विभाग से दूसरी सबसे खराब यात्रा सुरक्षा रेटिंग मिली है, जो यात्रा पर पुनर्विचार करने को कहता है। फोर्ब्स एडवाइजर ने कहा कि पर्यटकों के लिए सबसे अधिक और सबसे कम जोखिम वाले शहरों की सूची बनाने के लिए, सात प्रमुख मैट्रिक्स में दुनिया के 60 शहरों की तुलना की गई। कराची बार-बार नहीं रहने लायक शहरों की सूची में आता रहा है। 2017 में इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट की ओर से कराची को दुनिया के सबसे कम सुरक्षित शहरों में नामित किया गया था। दुनिया के खतरनाक शहरों की ही तरह फोर्ब्स एडवाइजर की ओर से सबसे सुरक्षित शहरों की भी लिस्ट सामने आई है। दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में सिंगापुर है। सिंगापुर को 100 में से शून्य अंक मिले हैं। जापान का टोक्यो दुनिया का दूसरा सबसे सुरक्षित शहर है। वहीं कनाडा का टोरंटो शहर तीसरा सबसे सुरक्षित शहर है। आशीष दुबे / 27 जुलाई 2024