क्षेत्रीय
27-Jul-2024
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ठ कार्यों के लिए ‘सुशीला नायर स्वस्थ भारत उत्कृष्टता’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अयोध्या के कुमारगंज में स्वस्थ भारत न्यास और आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्राद्यौगिकी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वास्थ्य संसद 2024 में यह पुरस्कार विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी, मध्यप्रान्त प्रमुख श्री भंवर सिंह राजपूत ने प्राप्त किया। कार्यक्रम में भारत सरकार की पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा राज एवं विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजेन्द्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री राजपूत ने विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी द्वारा पूरे भारत में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और ग्राम विकास के किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया की स्वास्थ्य के क्षेत्र में नुमालीगढ़ (असम), पारादीप (ओडिशा) और बीना (मध्य प्रदेश) में हॉस्पिटल का संचालन निरंतर किया जा रहा है। स्वास्थ्य जागरूकता के लिए विभिन्न ग्रामों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य मोबाइल वैन सुविधा, न्यूनतम दरों पर स्वास्थ संबंधी विभिन्न जांचें की जाती है। इसके साथ ही विवेकानंद केंद्र नीडम ग्वालियर प्रकल्प में नेचुरोपैथी केंद्र का भी सफलतापूर्वक संचालन किया जाता है, जिसमें प्रशिक्षित डॉक्टर अपनी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं।