राज्य
27-Jul-2024


भोपाल,(ईएमएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के देहांत पर मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का दबावपूर्ण दौर चल रहा था, मीडिया और भाजपा संगठन के बीच एक बेहतर संवाद सेतु बनाने में प्रभात झा की सकारात्मक भूमिका अत्यंत प्रशंसनीय थी। मप्र विधानसभा स्पीकर श्री तोमर ने कहा कि प्रभात जी के यूं चले जाने से मेरा मन वेदना से परिपूर्ण है। पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चले रहे थे। हमें पूरी उम्मीद थी कि इलाज और आत्मबल के सहारे वो बीमारी पर विजय पा लेंगे। पूरी तरह स्वस्थ होकर वो पहले जैसे ही मुस्कुराते हुए हमसे मिलेंगे। उनके चले जाने से यह उम्मीद टूट गई। साथ बिताए पलों को याद करते हुए विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर कहते हैं कि प्रभात झा से हमारी घनिष्ठता तकरीबन चार दशक पुरानी है। वे ग्वालियर में एक समाचार पत्र में कार्यरत थे और उनकी राष्ट्रवाद से परिपूर्ण वैचारिकता मुझे उनके करीब लाती थी। उनकी लेखनी का भी कायल था और अक्सर उनके आलेख पढ़ता तो बाद में उन विषयों पर उनसे चर्चा भी करता था। पुरानी यादें ताजा करते हुए श्री तोमर कहते हैं कि जब भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश कार्यालय भोपाल स्थित 74 बंगला में था, तब प्रभात झा वहीं रहा करते थे। हम दोनों वहां अक्सर ही घंटों बैठकर संगठन को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया करते थे। उन्होंने कहा कि मुझे अच्छे से याद है, जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और प्रदेश की जनता बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रही थी। तब सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने में प्रभात झा ने भाजपा संवाद प्रमुख की अहम भूमिका जबरदस्त तरीके से निभाई। इस प्रकार कांग्रेस की सरकार के दबावपूर्ण दौर में भी मीडिया और भाजपा संगठन के बीच सकारात्मक संवाद सेतु बनाने में प्रभात झा की भूमिका अत्यंत प्रशंसनीय थी। प्रभात झा की जन्मस्थली बिहार थी, लेकिन उन्होंने मध्य प्रदेश को कर्मस्थली बनाया। ग्वालियर आए और एक छोटे से कमरे से अपना सामाजिक व राजनीतिक जीवन शुरू किया। लगन और मेहनत से प्रभात झा उस शीर्ष पर पहुंचे, जहां उनके हजारों अनुयायी हैं। अंत में श्री तोमर ने प्रभात झा को विनम्र श्रद्धांजिल अर्पित करते हुए कहा कि मैं परम पिता से उन्हें श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूं। हिदायत/ईएमएस 27जुलाई24