राज्य
27-Jul-2024


सलूंबर (ईएमएस)। राजस्थान के सलूंबर जिले के जावरमांइस थाना क्षेत्र के अदवास गांव में गुरुवार रात 40 वर्षीय अध्यापक शंकरलाल मेघवाल की हत्या करने वाले आरोपी फतह सिंह ने अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली है। इसी तलवार से उसने अंधविश्वास के कारण अध्यापक की हत्या की थी। जानकारी के मुताबिक फतह सिंह और शंकरलाल पहले दोस्त थे। फतह सिंह को पिछले कुछ समय से यह लगने लगा था कि उसके दोस्त शंकरलाल ने उस पर जादू-टोना किया है। इससे उसकी आर्थिक स्थिति बद से बदतर होती रही है और शंकरलाल दिन प्रतिदिन तरक्की करता जा रहा है। अध्यापक शंकरलाल की हत्या के बाद आरोपी फतह सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रखे थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम ने जंगल क्षेत्र में छापा भी मारा। जहां पुलिस ने फतह सिंह को देखा तो उसे पकड़ने के लिए उसकी तरह बढ़ी। इसी दौरान फतह सिंह ने उसी तलवार से खुद का गला काट लिया जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि इससे पहले पुलिस ने दूर से खड़े होकर उसे तलवार फेंकने के लिए काफी समझाया लेकिन वह नहीं माना और जब तक पुलिस पहुंचती तब तक उसने अपना गला काट लिया था। लहूलुहान हालत में पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक अध्यापक शंकरलाल और आरोपी फतह सिंह दोनों दोस्त थे। कोरोना काल के बाद फतह सिंह को धंधे में मंदी होने से काफी नुकसान हुआ। हालांकि उसकी स्थिति में सुधार हो इसको लेकर शंकरलाल ने फतहसिंह को एक तांत्रिक से मिलवाया और कुछ टोटके बताए। इसके बाद फतह सिंह का धंधा बिलकुल बंद हो गया और आर्थिक स्थिति खराब हो गयी। इसके बाद उसने अहमदाबाद में नौकरी करनी शुरू की लेकिन वहां भी सफल नहीं हुआ था। पवन सोनी/ईएमएस 27 जुलाई 2024