राज्य
27-Jul-2024


नई दिल्ली (ईएमएस)। आम आदमी पार्टी ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना नदी में प्रदूषण स्तर में अचानक वृद्धि से चिंतित है और इसे नियंत्रित करने के लिए तत्काल उपाय किए हैं। यह समस्या अचानक उत्तर प्रदेश और हरियाणा से निकलने वाले अत्यधिक औद्योगिक कचरे के कारण उत्पन्न हुई है, जो यमुना नदी के माध्यम से दिल्ली में प्रवेश कर रहा है। आप ने कहा कि केंद्र को यह सुनिश्चित करने के लिए तुरंत उपाय करने चाहिए कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में चल रहे उद्योग उचित उपचार के बिना अपना अवशेष यमुना में न छोड़ें। जब से भाजपा केंद्र में सत्ता में आई है, वह दिल्ली के लोगों के लिए बाधाएं पैदा कर रही है। केंद्र को ऐसे प्रदूषणकारी उद्योगों पर तुरंत प्रतिबंध लगाने के लिए यूपी और हरियाणा सरकारों को सख्त निर्देश जारी करना चाहिए। यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ने से दिल्ली के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। बृहस्पतिवार को क्षमता से 52 एमजीडी (मिलियन गैलन प्रतिदिन) कम पानी उपलब्ध हुआ। दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि यमुना में अमोनिया की मात्रा बढ़ने के साथ ही मूनक नहर से कम पानी मिल रहा है। इससे हैदरपुर, बवाना और चंद्रावल जल उपचार संयंत्रों (डब्ल्यूटीपी) से क्षमता के अनुसार पेयजल नहीं मिल रहा है। पिछले तीन दिन से यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ा हुआ है। दिल्ली के संयंत्रों में 0.9 पार्ट्स पर मिलियन (पीपीएम तक अमोनिया शोधित करने की क्षमता है। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली/ईएमएस/27/ जुलाई /2024