क्षेत्रीय
26-Jul-2024
...


कटनी (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में कुएं में उतरे 4 लोगों की जहरीली गैस से मौत हो गयी। ये सभी लोग सबर्सिमल पंप डालने के लिए कुएं में उतरे थे। अंदर जहरीली गैस का रिसाव हो रहा था। गैस रिसाव से सभी लोग अंदर ही बेहोश हो गए। 8 घंटे के बाद कुएं से सभी के शव निकाले गये। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। यह घटना कटनी जिले के जुहली गांव की है। जुहली गांव में रामकुमार दुबे के खेत में बने पुराने कुआं में जहरीली गैस का रिसाव हुआ है। बताया जा रहा है कि हाल ही में दुबे परिवार द्वारा कुएं में बोरिंग कराई गई थी जिसमें कमर्शियल पंप लगाने परिवार के 2 लोग उतरे थे। उनको हो रही दिक्कतों को देखते हुए 2 पड़ोसी भी आ गए और कुएं में उतर गये। हालांकि 35 फीट गहरे कुएं में जैसे-जैसे चारों नीचे उतरे वैसे वैसे जहरीली गैस का रिसाव होने लगा। चारों लोग कुएं के अंदर बेहोश हो गये। कलेक्टर दिलीप यादव ने बताया कि जुहली ग्राम निवासी राजाभैया उर्फ रामकुमार दुबे 38 वर्ष के खेत में बने कुएं में हाल ही बोरिंग करवाई गई थी। उसमें कमर्शियल पंप लगाने उनके भतीजे निखिल दुबे और पड़ोस के 2 चचेरे भाई राजेश कुशवाहा सहित पिंटू उर्फ देवेंद्र कुशवाहा भी मदद के लिए साथ उतरे। तभी कार्बन डाइऑक्साइड गैस का रिसाव होने लगा। इस वजह से सभी लोग कुएं में बेहोश हो गए थे। पवन सोनी/ईएमएस 26 जुलाई 2024