खेल
25-Jul-2024
...


पेरिस (ईएमएस)। रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक नीता अंबानी लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) सदस्य बनी हैं। नीता को पेरिस में सर्वसम्मति से दूसरी बार भारत से आईओसी का सदस्य चुना गया। आईओसी के 142वें सत्र के दौरान हुए मतदान में नीता को पूरे सौ फीसदी मत मिले। नीता के आईओसी में शामिल होने से अब भारतीय खेल संघों को भी वैश्विक स्तर पर सहयोग और समर्थन मिलने लगेगा। वहीं नीता ने दोबार आईओसी सदस्य चुने जाने के बाद कहा, ‘‘मैं अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सदस्य के रूप में फिर से चुने जाने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाक और आईओसी में अपने सभी सहयोगियों को मुझ पर भरोसे जताने के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने कहा , ‘‘फिर से सदस्य चुना जाना ना केवल एक व्यक्तिगत मील का पत्थर है बल्कि वैश्विक खेल क्षेत्र में भारत के बढ़ते प्रभाव को भी दिखाता है। मैं हर भारतीय के साथ खुशी और गर्व के इस पल को साझा करती हूं और भारत तथा दुनिया भर में ओलंपिक आंदोलन को मजबूत करने के हमारे प्रयासों को जारी रखने के लिए उत्साहित हूं। गौरतलब है कि नीता को पहली बार 2016 में रियो डि जिनेरियो ओलंपिक खेलों के दौरान इस प्रतिष्ठित संस्था में शामिल किया गया था। वह आईओसी में शामिल होने वाली भारत की पहली महिला हैं। नीता एक प्रतिष्ठित व्यवसायी और समाजसेवी हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अहम योगदान दे रही हैं। गिरजा/ईएमएस 25 जुलाई 2024