अंतर्राष्ट्रीय
24-Jul-2024
...


वाशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव में मुख्य मुकाबला डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस के बीच है। दोनों एक दूसरे पर अटैक कर रहे हैं। लेकिन भारतीय मूल की कमला हैरिस पर व्यक्तिगत टिप्पणियां की जा रहीं हैं। अब सवाल है कि आखिर कमला हैरिस को पर्सनल टारगेट करने की वजह उनका भारतीय कनेक्शन तो नहीं। ऐसा इसलिए क्योंकि कभी उन्हें नौकरानी कहा जा रहा है तो कभी कहा जा रहा है कि वह जिस चीज को छूती हैं, उसे बर्बाद कर देती हैं। सबसे पहले जानते हैं कि आखिर नौकरानी वाली बात किसने कही थी। तुलसी गबार्ड अमेरिका की पहली हिंदू सांसद रह चुकी हैं। पूर्व कांग्रेसवुमन तुलसी गब्राड ने ही कमला हैरिस को लेकर कहा था कि वह हिलेरी क्लिंटन की नौकरानी हैं। तुलसी गबार्ड पहले डेमोक्रेट्स की ही नेता थीं। मगर अब वह डोनाल्ड ट्रंप के लिए खुलकर बैटिंग कर रही हैं। कमला की उम्मीदवारी की खबर पर तुलसी गबार्ड ने एक वीडियो मैसेज में कहा था, ‘अगर कमला राष्ट्रपति बनती हैं तो ये अमेरिका के लिए बहुत खतरनाक होगा। वह राष्ट्रपति और सेना चीफ बनने लायक नहीं हैं। कमला हिलेरी क्लिंटन की नौकरानी हैं।’ सबसे पहले जानते हैं कि आखिर कमला हैरिस कौन हैं और उनका भारत से क्या कनेक्शन है। भले ही कमला हैरिस का जन्म 20 अक्टूबर 1964 को कैलिफोर्निया में हुआ, मगर उनकी जड़ें भारत से जुड़ी हैं। उनकी मां का नाम श्यामला गोपालन हैरिस है। वह भारतीय मूल की हैं और जानी-मानी कैंसर साइंटिस्ट हैं। कमला की मां श्यामला गोपालन का जन्म चेन्नई में हुआ था और बाद में वह अमेरिका चली गईं। कमला की मां भारत की तो पिता डोनाल्ड जे हैरिस जमैका मूल के हैं। कहा जाता है कि जब कमला हैरिस 5 साल की थीं तभी उनके माता-पिता का तलाक हो गया। उसके बाद से ही कमला हैरिस अपने मां के साथ रहने लगीं और उनका पालन-पोषण भी मां ने ही किया। इस तरह से कमला हैरिस पर भारतीय की छाप अधिक है। तुलसी गबार्ड के बाद अब कमला हैरिस पर डोनाल्ड ट्रंप ने पर्सनल अटैक किया है। कमला हैरिस की मजबूत दावेदारी देखकर डोनाल्ड ट्रंप शायद घबरा गए हैं। यही वजह है कि उन्होंने अब कमला हैरिस पर पर्सनल अटैक करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस को लेकर कहा, ‘कमला हैरिस जिस चीज को छूती हैं, उसे बर्बाद कर देती हैं।’ डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस के नाम का भी मजाक बनाया है। उन्होंने कमला हैरिस को लिन कमला हैरिस कहकर तंज कसा है। कुछ सर्वे से पता चलता है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस डोनाल्ड ट्रम्प के मुकाबले जो बाइडेन की तुलना में थोड़ा बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं, यही वजह है कि उनके खिलाफ रिपब्लिकन हमले अब तेज हो रहे हैं। जब उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में भी कमला हैरिस मैदान में थीं, तब भी वह रूढ़िवादी हमलों की तीव्र बौछार का निशाना बनी थीं। यहां तक कि उनके चरित्र को लेकर भी आरोप लगाए गए थे। वीरेन्द्र विश्वकर्मा/ईएमएस 24 जुलाई 2024