खेल
24-Jul-2024
...


लंदन (ईएमएस)। आप को ये बात भले ही अजीब लगे पर इंग्लैंड के एक क्लब ने खिलाड़ियों के छक्के मारने पर रोक लगा दी है। साउथविक और शोरहैम क्रिकेट क्लब ने बल्लेबाजों पर ये प्रतिबंध इसलिए लगाया है ताकि मैदान के करीब रहने वालों को कोई नुकसान न पहुंचे। क्लब के पास करीब रहने वालों की ओर से संपत्ति को हो रहे नुकसान की कई शिकायतें आई थी। वहीं के बाद उसने ये फैसला लिया। अब क्लब के मुकाबलों के दौरान छक्का मारने वाले बल्लेबाज को आउट करार दिया जाएगा। साउथविक और शोरहैम क्रिकेट क्लब के कोषाध्यक्ष मार्क ब्रोक्सअप ने छक्के पर प्रतिबंध के नियम की घोष्णा की है। क्लब ने ये फैसला बीम क्लेम और कानूनी कार्यवाही से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचने के लिए लगाया है। क्लब को स्टेडियम के आस पास रहने वाले लोगों की गाड़ियों और घर की संपत्ति को छक्के की वजह से होने वाले नुकसान के कारण काफी रकम अदा करनी पड़ रही थी। इसी हर्जाने से बचने के लिए क्लब को ये फैसला लेना पड़ा है। ब्रोक्सअप ने कहा, पहले क्रिकेट बेहद शांत माहौल में खेला जाता था लेकिन टी20 और एकदिवसीय के आने के बाद इस खेल में आक्रामकता हावी हो गयी है। इस वजह से स्टेडियम आस पास रहने वाले लोगों की संपत्ती को नुकसान पहुंचने लगा है। नये नियम के बाद अब पहला छक्का मारने के बाद बल्लेबाज को चेतावनी मिलेगी और कोई रन भी नहीं मिलेगा। इसके बाद भी अगर बल्लेबाज नहीं माने तो उसे आउट करार दिया जाएगा। गिरजा/ईएमएस 24 जुलाई 2024