राष्ट्रीय
23-Jul-2024
...


बांग्लादेश बॉर्डर के पास टनल मिलना नेशनल सिक्योरिटी के लिए बड़ा खतरा कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले के एक घर में पुलिस को एक सुरंग मिली थी। यह सुरंग बांग्लादेश की बॉर्डर के करीब है। इसे लेकर गवर्नर आनंद बोस ने ममता सरकार की नीतियों को लेकर सवाल उठाए हैं। गवर्नर ने कहा है कि बॉर्डर के पास के घर में सुरंग निकलना देश के लिए खतरा है। ममता बनर्जी सरकार को मजबूत और निष्पक्ष कानून व्यवस्था बनाने की जरूरत है। दरअसल, 15 जुलाई को पुलिस ने सद्दाम नाम के शख्स के घर पर छापा मारा था। सद्दाम नकली सोने के मूर्ति का डीलर है। उसके घर पर मिली 40 मीटर लंबी सुरंग नहर की ओर निकलती है। इस नहर से नाव के सहारे मतला नदी तक पहुंचा जा सकता है, जहां से बांग्लादेश सीमा को पार किया जा सकता है। पुलिस का मानना है कि सद्दाम ने सुरंग का इस्तेमाल छापेमारी के दौरान भागने के लिए भी किया था। पुलिस को सोशल मीडिया पर नकली सोने की मूर्तियों से जुड़ी धोखाधड़ी और खरीदी गई वस्तुओं की डिलीवरी न होने की कई शिकायतें मिली थीं। इस पर पुलिस छापेमारी के लिए पहुंची। लेकिन पुलिस सद्दाम समर्थकों से पत्थरबाजी और विरोध का सामना करना पड़ा। जिसके बाद पुलिस लौट आई और उसी दिन शाम को फिर छापेमारी कर सुरंग का पता लगाया।