खेल
23-Jul-2024
...


पेरिस (ईएमएस)। इसी माह 26 जुलाई से शुरू होने जा रहे पेरिस ओलम्पिक में खिलाड़ियों को तेज गरमी से भी जूझना पड़ सकता है। इसका कारण है कि पेरिस का औसत तापमान पहले से 1.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है। अब आयोजनकर्ता ओलम्पिक में आने वाली परेशानियों को लेकर चिंतित हैं। साल 2003 के बाद से ही गर्मी तेजी से बढ़ रही है।गर्मी की वजह से पेरिस में हुई मौतों के आंकड़े भी तेजी से बढ़े हैं। ओलंपिक के दौरान 2 हफ्ते तक गर्म हवाऐं चलने की आशंका है। इस बार स्थिति 2003 से भी बुरी हो सकती है। 20वीं सदी में तापमान के रिकॉर्ड को तोड़ना आसान नहीं था। लेकिन अब यह हर दिन टूट रहा है। वहीं एक अध्ययन के अनुसार पूरे यूरोप में गर्म हवाओं से होने वाली मौते सबसे ज्यादा पेरिस में हुई थी। इन मौतों की संख्या लगभग 854 थी। पिछले पांच वर्षों में पेरिस में तेजी से गरमी बढ़ी है और तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा है। जुलाई 2019 में पेरिस में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस था। इस बार इसके और ज्यादा रहने की आशंकाऐं हैं। तेज धूप और तेज गर्मी की वजह से मैराथन, टेनिस, बीच वॉलीबॉल जैसे खेलों के खिलाड़ियों के बीमार होने का खतरा है। इसके अलावा खेल देख रहे दर्शकों के लिए गर्मी सहन करना आसान नहीं होगा हालांकि ओलंपिक के लिए स्टेडियम आदि बनाने वाली एजेंसी के प्रमुख निकोलस फिरैंड ने संसद को संतुष्टि दिलाई है कि सभी इनडोर स्टेडियमों को बढ़ती गर्मी को देखते हुए बनाया गया है। पहले खिलाड़ियों के रहने की जगह को बिना एयर कंडिशनिंग के बनाया जा रहा था। लेकिन अब सभी कमरों में एसी लगाये जा रहे है। साल 2020 में हुए टोक्यो ओलम्पिक को अब तक का सबसे गर्म इवेंट माना जा रहा था। तब तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था। उसमें ही खिलाड़ी परेशान हो गये थे। इस बार तो स्थिति और भी मुश्किल है। गिरजा/ईएमएस 23 जुलाई 2024