राज्य
22-Jul-2024
...


-गुफा मंदिर भोपाल में ब्रह्म मुहूर्त में भगवान गुफेश्वर का पंचामृत स्नान और अभिषेक भोपाल (ईएमएस)। सोमवार से सावन माह की शुरुआत हो गई है। पूरे माह 6 विशेष संयोग का योग है। 71 साल बाद ऐसा खास संयोग बन रहा है कि सावन की शुरुआत सोमवार से हो रही है और यह माह सोमवार को ही समाप्त होगा। पहले सोमवार को ब्रह्ममुहूर्त से ही घरों और मंदिरों में रुद्राभिषेक हुए। शहर के सभी मंदिरों में भक्तों की लंबी-लंबी कतार लगी रही। शिवालय नम: शिवाय से गूंजे। पं. विष्णु राजोरिया ने बताया कि 1953 में भी सावन की शुरुआत सोमवार को हुई थी और समाप्ति भी सोमवार को ही हुई थी। इस मास में शुक्रादित्य योग, बुधादित्य योग, नवपंचम योग, गजकेसरी, कुबेर योग और शश योग का संयोग है। शहर के रामानन्द आश्रम गुफा मंदिर धाम में प्रात: ब्रह्म मुहूर्त में महंत रामप्रवेश दास महाराज ने पंडित लेखराज शर्मा के आचार्यत्व में भगवान गुफेश्वर का पंचामृत स्नान कराया। इसके बाद षोडशोपचार पूजन कर अभिषेक किया गया। महंत रामप्रवेश दास ने तन्मे मन: शिवसंकल्पमस्तु भगवान भोलेनाथ से जगत कल्याण की कामना की। सावन में मंदिरों में भी अनुष्ठान के अलावा पूजा, अभिषेक के खास इंतजाम किए गए हैं। शहर में विभिन्न स्थानों पर पूरे माह में करीब सवा करोड़ से ज्यादा पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जाएगा। इसी के साथ कई मंदिरों में भजन होंगे। बड़वाले महादेव मंदिर विशेष श्रृंगार बड़वाले महादेव मंदिर में शाम को बाबा बटेश्वर का मनमहेश्वर स्वरूप में श्रृंगार किया गया। मंदिर समिति के संजय अग्रवाल ने बताया प्रात: काल नियमित एवं समिति के संकल्पित सेवादारों द्वारा रुद्राभिषेक हुआ। इसके बाद शाम 6 बजे से श्रृंगार हुआ। रात 8 बजे महाआरती, भजन संध्या, महामृत्युंजय जाप एवं मध्य रात्रि में शयन आरती की गई। गुफा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ गुफा मंदिर में ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। यहां गुफा स्थित शिवलिंग की पूजन के लिए लोग ब्रह्ममुहूर्त से भी पहले पहुंच गए थे। मंहत रामप्रवेश दास जी महाराज ने पंडित लेखराज शर्मा के आचार्यत्व में विशेष पूजा कराई इसके बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।