ज़रा हटके
07-Jul-2024
...


-17 साल बाद इस तरह से बेटी से हुई मां की मुलाकात डबलिन (ईएमएस)। आयरलैंड की एक महिला के साथ ऐसा ही अजीब अनुभव हुआ, जिसने उन्हें तोड़कर रख दिया। वाकया कुछ ऐसा है कि एक पिता अपनी 2 साल की बेटी को विदेश घुमाने ले गया। पर फिर वो कभी घर ही नहीं लौटा। बेटी के इंतजार में मां तड़पती रही। पर उसे पाने के लिए मां को 17 साल का समय लग गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आयरलैंड के कॉर्क की विक्टोरिया ओ लियरी ने सऊदी अरब के एक नागरिक से शादी की थी और उनकी एक बेटी थी। दोनों कॉर्क में ही रहा करते थे। जब बेटी 2 साल की हुई तो एक बार पिता ने कहा कि वो उसे सऊदी अरब घुमाने ले जाना चाहता है। बस फिर क्या था, वो सिर्फ बेटी को लेकर निकल गया। उसने बोला था कि कुछ ही दिनों में लौट आएगा। मगर ऐसा नहीं हुआ। बेटी को हासिल करने में मां को कानूनी लड़ाई करनी पड़ी और अब कुछ हफ्तों पहले, 17 साल बाद मां-बेटी की मुलाकात हुई है और मां ने बेटी को हासिल किया। 19 साल की फातिमा 2007 में 2 साल की थी, तब उसके पिता उसे अपने साथ साऊदी अरब लेते गए थे। वहां पहुंचने के बाद उसने लौटने से इनकार कर दिया और उसके परिवारवालों ने भी फातिमा को लौटाने से मना कर दिया। विक्टोरिया बीते 17 सालों में कई बार सऊदी अरब गई, आयरलैंड और सऊदी अरब की सरकारों के बीच बातचीत भी हुई पर उसका भी कोई खास नतीजा नहीं निकला। पर विक्टोरिया ने कोशिश करना नहीं बंद किया। 17 सालों के फासले के दौरान विक्टोरिया, फातिमा से व्हॉट्सएप और स्नैपचैट के जरिए जुड़ी रही और उसे जरूरत के वक्त पैसे भेजती रही। साल 2023 में अचानक दोनों को उम्मीद की किरण तब दिखी, जब फातिमा 18 साल की हुई और खुद ही आजाद होने के लिए कानून की मदद ली। विक्टोरिया बेटी को लेने सऊदी अरब पहुंच गई और होटल में बेटी से मिली। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और उनके आंसू बहने लगे। सुदामा/ईएमएस 07 जुलाई 2024