ज़रा हटके
03-Jul-2024
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। हमारा सौरमंडल हैरान करने वाले रहस्यों से भरा हुआ है। वैज्ञानिकों ने एक क्षुद्रग्रह का पता लगाया है, जो सूर्य के चारों ओर अपनी वार्षिक परिक्रमा में पृथ्वी के साथ-साथ चल रहा है। इस एस्टेरॉयड को 2023 एफडब्ल्यू 13 नाम दिया गया है। वैज्ञानिकों ने एस्टेरॉयड को अर्द्ध-चंद्रमा या अर्द्ध-उपग्रह कहा है, क्योंकि यह चंद्रमा की तरह ही पृथ्वी के समान समय सीमा में सूर्य की परिक्रमा कर रहा है। हालांकि, ये पाया गया है कि एस्टेरॉयड पर पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण का भी खिंचाव पड़ा है। एस्टेरॉयड पृथ्वी से लगभग 1.4 करोड़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वैज्ञानिकों ने 28 मार्च 2023 के पैन-स्टार्स सर्वे दूरबीन की मदद से एस्टेरॉयड को देखा था। दूरबीन को हवाई द्वीप पर एक निष्क्रिय ज्वालामुखी के शीर्ष पर रखा गया था। क्षुद्रग्रह को आधिकारिक तौर पर 1 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय खगोलीय संघ में माइनर प्लैनेट सेंटर ने सूचीबद्ध किया था। हमारे सौरमंडल में नए चंद्रमा, ग्रहों के साथ-साथ अन्य खगोलीय वस्तुओं को नामित करने की जिम्मेदारी इसी संगठन पर है। मॉडल में एस्टेरॉयड 2023 एफडब्ल्यू 13 को पृथ्वी के बराबर ही सूर्य के चारों ओर घूमते हुए देखा गया। एस्टेरॉयड धरती के चारों ओर चक्कर लगा रहा था, इसकारण कॉफिनेट ने इसे अर्द्ध-चंद्रमा के रूप में वर्गीकृत किया। वैज्ञानिकों के अनुसार, एस्टेरॉयड कम से कम 100 ईसा पूर्व से हमारे ग्रह के साथ चक्कर लगाता हुआ प्रतीत होता है। आशीष दुबे / 02 जुलाई 2024