26-Jun-2024
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। सैम पित्रोदा एक बार फिर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त किये गए हैं। बुधवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तुरंत प्रभाव से पित्रोदा की नियुक्ति को मंजूरी दी। इसकी जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी। उन्होंने पत्र जारी करते हुए बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने सैम पित्रोदा को तत्काल प्रभाव से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस का पुनः अध्यक्ष नियुक्त किया है। हाल ही में सैम पित्रोदा ने अपने विवादित बयानों के बाद इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पित्रोदा अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान अपने बयानों से उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लिए कई मौकों पर मुश्किलें खड़ी की थी। बीते दिनों सैम पित्रोदा ने भारत की विविधता पर कहा था कि भारत के पूर्व में रहने वाले लोग चीनी लगते हैं, वहीं दक्षिण में रहने वाले लोग अफ्रीकी लगते हैं तो पश्चिमी भारत के लोग अरब के निवासियों जैसे लगते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि उत्तर भारतीय गोरे होते हैं, शायद वो गोरों जैसे दिखते हैं। सैम पित्रोदा ने विरासत टैक्स पर भी बयान दिया था। चुनावी मौसम में इस मुद्दे पर पहले ही विवाद था। सैम पित्रोदा के बयान के बाद कांग्रेस को चौतरफा हमलों का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने सैम पित्रोदा से किनारा तक कर लिया था। पार्टी का कहना था कि ऐसा नहीं है कि पित्रोदा के विचार हमेशा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थिति को दर्शाते हैं। कई बार उनके विचार कांग्रेस पार्टी के विचार नहीं होते हैं।