राज्य
22-Jun-2024
...


-प्रदेश में लगातार 4 दिन होगी झमाझम बारिश -गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मानसून रविवार को प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही भोपाल में अगले 4 दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। इससे पहले गुरुवार-शुक्रवार की शाम व रात में प्री-मानसून बारिश हुई थी। यहां बतलाते चलें कि बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सिवनी, और अनूपपुर जिलों में मानसून शुक्रवार को ही प्रवेश कर चुका है। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी करते हुए बताया कि राजधानी भोपाल और संभाग के जिलों में आगामी 24 घंटे अर्थात रविवार दिन तक मानसून एंटर हो सकता है। गरुवार, शुक्रवार से ही प्री-मानसून की एक्टिविटी बनी रही और शनिवार को भी रुक-रुक कर बारिश हुई है। इसे देखते हुए संभावना व्यक्त की जा रही है कि आगामी 24 घंटे में तेज बारिश हो सकती है। -यहां हुई सर्वाधिक बारिश इससे पहले गुरुवार-शुक्रवार की शाम व रात को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक करीब 5 घंटे हुई बारिश में सबसे ज्यादा बारिश बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर), गांधी नगर-एयरपोर्ट क्षेत्र में एवरेज 4.8 इंच पानी गिरा, जबकि सिटी क्षेत्र में 1.6 इंच बारिश हुई थी। इसके अलावा नवी बाग क्षेत्र में 3 इंच बारिश दर्ज की गई। -बारिश से तापमान गिरा प्रि-मानसून बारिश के चलते मौसम का मिजाज भी बदल गया और दिन का तापमान 5.4 डिग्री तक नीचे गिरा है। दिन का पारा 32.7 डिग्री पर, जबकि रात का तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया था। -अगले 4 दिन बारिश का अनुमान बारिश और होने पर दिन-रात के तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। 23 और 24 जून को तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। 25 जून को मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, लेकिन तेज बारिश का दौर तब भी जारी रह सकता है। इसी के साथ 23 जून रविवार को भोपाल में मानसून प्रवेश कर सकता है। -आकाशीय बिजली से 5 की मौत मध्य प्रदेश में प्री-मानसून बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत होने की खबर है। जानकारी अनुसार सतना के मझगंवा में आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत हुई है, जबकि 5 घायल बताए गए हैं। वहीं हरदा जिले के ग्राम हीरापुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। गौरतलब है कि शनिवार को सतना, हरदा, इंदौर, नर्मदापुरम, रायसेन, सिवनी, सीहोर, इटारसी, महू और राजगढ़ जिले के सारंगपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हुई थी। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने से जहां पांच लोगों की जान चली गई वहीं 5 अन्य लोग घायल हुए थे। हिदायत/ईएमएस 22जून24