राज्य
18-May-2024
...


-जिस कांग्रेस को बाला साहब चिमटी से नहीं छूना चाहते थे, उसके साथ बैठी है नकली शिवसेना - मुंबई में कांग्रेस को घेरते हुए बोले भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दक्षिण मुंबई में एक चुनावी सभा के पहले पत्रकारों से कहा कि अंग्रेज चले गए लेकिन कांग्रेस छोड़ गए हैं। अंग्रेजों के द्वारा कांग्रेस का जन्म हुआ है। इसलिए फूट डालो और राज करो की नीति पर काम कांग्रेस के लोग करते हैं। वह जैसे हैं वैसे ही लोगों को जोडक़र घमंडिया गठबंधन बनाया है। चुनावी सभाओं के लिए मुंबई पहुंचे सीएम डॉ यादव ने बाला साहब ठाकरे का जिक्र करते हुए कहा कि जो बाला साहब ठाकरे कहते थे कि वे चिमटी से भी कांग्रेस का समर्थन नहीं छूना चाहते। उन्हीं बाला साहब ठाकरे के नाम पर अब नकली शिवसेना काम कर रही है। शिवसेना के असली नकली होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे हाईकोर्ट गए, चुनाव आयोग गए और अब सुप्रीम कोर्ट भी गए हैं। हाईकोर्ट और चुनाव आयोग ने जो फैसला दिया उसे स्वीकार नहीं कर रहे। उज्जवल निकम के मामले में कांग्रेस जो टिप्पणी कर रही है, ऐसे में तो इन लोगों को समुद्र में डूब मरना चाहिए। बाला साहब के लोग ऐसे घमंडिया लोगों को साथ लेकर चल रहे हैं। बाला साहब की आत्मा दुखी हो रही होगी। उन्होंने कहा कि देश बड़ा होता है, देश के विचार बड़े होते हैं। -सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर चल रहा सीएम यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर चल रहा है। अयोध्या में 500 साल पहले जो मंदिर तोड़ा गया वह सम्राट विक्रमादित्य ने बनवाया है। उज्जैन और विक्रमादित्य के साथ अयोध्या का आपस में संपर्क है। उन्होंने कहा कि देवस्थानों के उत्थान होने से कांग्रेस को कष्ट हो रहा है। कांग्रेस के लोग राम सेतु से लेकर राम तक को मानने से इनकार करते रहे है। इसी कारण राम मंदिर बना तो वहां जा नहीं रहे और वहां खड़े होकर फोटो नहीं खिंचवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन के सारे मंदिर 1235 में ध्वस्त हुए थे जो बाद में तेजी से सुधारे गए हैं। उन्होंने कहा कि अमेठी में पूरा गांधी खानदान चुनाव लड़ता रहा और ये कहते हैं कि यहां 12 साल में विकास हुआ है। -कांग्रेस ने किए सबसे अधिक संविधान संशोधन मोदी सरकार द्वारा संविधान में बदलाव को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर मोहन यादव ने कहा कि सबसे अधिक संविधान संशोधन कांग्रेस ने किए हैं। कांग्रेस सरकार की सरकार में 17 बार इंदिरा, 11 बार नेहरू और 10 बार राजीव गांधी ने संविधान में संशोधन किया है। ये अपनी सरकार में 1950 के बाद से लगातार संशोधन करते रहे हैं। कांग्रेस के सिर पर इतने सारे पाप है कि गिनाए नहीं जा सकते। यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग बाला साहब के नहीं हुए, वीर सावरकर के नहीं हुए। ये सिर्फ अपने लिए काम करते हैं।