राज्य
09-May-2024
...


पटना (ईएमएस)। बिहार में आंधी-बारिश और लू के थपेड़ों से लोगों को राहत मिली है। मौस्म विभाग के अनुसार बिहार के विभिन्न हिस्सों में 12 मई तक बारिश के आसार हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज आंधी की भी चेतावनी जारी की गई है। बारिश के कारण पटना समेत अन्य जिले के अधिकतम तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में राज्य में कई स्थानों पर 84 मिलीमीटर तक बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और गंगेय पश्चिम बंगाल के आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बिहार के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त पुरवा हवा के कारण राज्य में अगले 3-4 दिनों तक बादल छाए रहने के साथ छिटपुट बारिश की संभावना है। पटना स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी पटना समेत राज्य के दक्षिणी भागों में कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी-पानी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरी भागों के 19 जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के साथ आधी-पानी व वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिणी भागों की तुलना में उत्तरी भागों में अधिक वर्षा के आसार हैं। उधर राज्य के पूर्वी चंपारण के लालबोगियाघाट में सबसे अधिक वर्षा 84.0 मिली बारिश दर्ज की गई। जबकि नवादा के कौआकोल में 54.2 मिली, रक्सौल में 48.2, दरभंगा में कमतौल में 40.5, सीतामढ़ी के सोनबरनसा में 38.6, सहरसा के सलखुआ में 36.4, सीतामढ़ी के बेलसंड में 34.2, नवादा में 33.0, पूर्णिया के बनमखी में 32.5, दरभंगा के जाले में 32.2, दरभंगा के घनश्यामपुर में 32.0, सुपौल के बौसा में 32 और कुरसेला में 26 और सौलीघाट में 25.8 मिली बारिश हुई। राज्य में पिछले दो-दिनों से बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 8 डिग्री की कमी आई है। पटना का अधिकतम तापमान 32.5, बक्सर का 37.4, औरंगाबाद का 37.3, शेखपुरा का 36, नवादा का 34.9, नालंदा का 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22, गया का 22.2, भागलपुर का 19.8, मुजफ्फरपुर का 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पवन सोनी/ईएमएस 09 मई 2024