28-Feb-2024
...


शिमला(ईएमएस)। हिमाचल में सियासी ड्रामा चरम पर है। हर एक घंटे कुछ न कुछ घट रहा है। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के 6 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करके अपनी ही पार्टी को बड़ा झटका दे दिया है। इसके बाद से राज्य की कांग्रेस सरकार पर संकट के बादल घिरने लगे। एक दर्जन से अधिक विधायक संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू को हटाए जाने की खबरे में आने लगी हैं। इसी सियासी हलचल के बीच खबर आई के विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भाजपा के जयराम ठाकुर से 14 विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया है। स्पीकर कुलदीप पठानिया ने सदन की कार्यवाही के दौरान उनके साथ बदसलूकी और गाली गलौज का आरोप लगाते हुए भाजपा विधायकों को सस्पेंड कर दिया। इससे पहले, स्पीकर ने राज्यपाल से भी मुलाकात की थी।जानकारी के अनुसार, शिमला में बुधवार को हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र शुरू हुआ। इस दौरान हंगामा हुआ। विपक्षी विधायकों पर स्पीकर के साथ अभद्रता का आरोप लगा। तभी स्पीकर ने मार्शल को निष्कासित सदस्यों को बलपूर्वक सदन से बाहर ले जाने के आदेश दिए।इस दौरान स्पीकर की चेयर के पास आकर भाजपा विधायकों ने नारेबाजी की और हाय-हाय के नारे लगाए गए। हिमाचल प्रदेश में सुखविंद सिंह सुक्खू की कुर्सी पर बड़ा संकट है। कांग्रेस विधायकों के नाराज होने के चलते सूत्र बता रहे हैं कि सुक्खू को हटाए जाने की सूरत में कांग्रेस विकल्पों पर विचार कर रही है। ऐसे में पार्टी में दो लोगों के नाम नए सीएम के तौर पर चर्चा चल रही है। ये नाम हैं मुकेश अग्निहोत्री और प्रतिभा सिंह. राजेंद्र राणा भी रेस में हैं, लेकिन सुक्खू इसका प्रबल विरोध करेंगे।दरअसल, मौसम के साथ ही हिमाचल प्रदेश में सियासी पारा भी चढ़ता जा रहा है। राज्‍य की कांग्रेस नीता सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी सरकार पर सवाल उठाने के बाद उन्‍होंने अपने इस्‍तीफे का ऐलान किया। अपना इस्‍तीफा देते वक्‍त विक्रमादित्य सिंह भावुक नजर आए और उनकी आंखें भर आईं। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि विधायकों की शिकायतों का समाधान नहीं होता है। यहां तक की मेरे पिता जी की मूर्ति लगाने के लिए 2 गज तक जमीन भी नहीं दी गई। उन्‍होंने कहा कि आगे वह क्‍या करेंगे, इसका फैसला अपने लोगों से बातचीत करने के बाद ही लेंगे। वीरेन्द्र विश्वकर्मा/ईएमएस/28 फरवरी 2024